दीपोत्सव-2026: कलाकारों और श्रद्धालुओं ने देखा संस्कृति-आस्था का संगम
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की भव्यता और सांस्कृतिक वैभव ने कलाकारों, श्रद्धालुओं और स्वयंसेवकों को खास अनुभव दिया। राम की पैड़ी से लेकर शहर के प्रमुख आयोजन स्थलों तक आस्था, उल्लास और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित इस उत्सव में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए रामायण के प्रसंगों को जीवंत किया, वहीं श्रद्धालुओं ने दीपों और रोशनी से सजी रामनगरी के यादगार पलों को कैमरों में कैद किया।

कलाकारों को मिला प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच

दीपोत्सव कलाकारों के लिए अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत करने का विशेष अवसर बना। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और भारतीय परंपराओं को मंच पर उतारा गया। केरल की ईश्वरतरुण ने कहा कि योगी सरकार की ओर से दीपोत्सव को लगातार भव्य स्वरूप दिए जाने से लोककला, संस्कृति और पारंपरिक विधाओं को नई पहचान मिल रही है। ऐसे आयोजनों से कलाकारों का उत्साह बढ़ता है और उन्हें बड़े मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर मिलता है।

श्रद्धालुओं के लिए यादगार बना दीपोत्सव

राम की पैड़ी पर उमड़ी भीड़, आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी और आधुनिक तकनीक से सजी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया। लोग परिवार के साथ आयोजन का आनंद लेते और मोबाइल कैमरों में यादगार पलों को कैद करते नजर आए। अम्बेडकर नगर से पहुंचे विवेक ने कहा कि अयोध्या में दीपोत्सव का स्वरूप हर साल और आकर्षक होता जा रहा है। रामनगरी की सजावट, धार्मिक वातावरण और भव्य आयोजन को करीब से देखना उनके लिए खास अनुभव रहा।

स्वयंसेवकों ने भी निभाई अहम भूमिका

दीपोत्सव जैसे बड़े आयोजन को सफल बनाने में स्वयंसेवकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। व्यवस्था संभालने और श्रद्धालुओं की सहायता करने में उन्होंने जिम्मेदारी के साथ योगदान दिया। खुशी सिंह ने बताया कि अयोध्या के ऐतिहासिक और धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के व्यापक स्वरूप से आम लोगों को भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

151 साल पुरानी रामलीला परंपरा को मिला मंच

दीपोत्सव-2026 में पहली बार श्रीराम-जानकी मंदिर, साहिबगंज की 151 वर्ष पुरानी रामलीला परंपरा को भव्य मंच मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में स्वदेशी रामलीला का मंचन किया गया। इसमें लकी गुप्ता ने भगवान श्रीराम, गौरव गुप्ता ने लक्ष्मण, सूरज साहू ने परशुराम और ऋषि गौड़ ने विश्वामित्र की भूमिका निभाई।

स्थानीय कलाकारों को मिला सम्मान और पहचान

भगवान श्रीराम की भूमिका निभाने वाले लकी गुप्ता ने कहा कि रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुति देना उनके लिए गौरवपूर्ण अनुभव रहा। उनके मुताबिक, योगी सरकार ने स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच और सम्मान दिया है। वहीं, लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले गौरव ने रामनगरी में यह किरदार निभाने को सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि सरकार अयोध्या की संस्कृति और परंपराओं को नई पहचान दे रही है।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।