देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि गुरुवार रात सीमा पर बने तनावपूर्ण हालात का सौहार्दपूर्ण समाधान कर लिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। वहीं एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि अधिकांश निहंग पुलिस की अपील मानकर वापस लौट गए, हालांकि कुछ लोग देहरादून में प्रवेश कर रेसकोर्स इलाके तक पहुंच गए थे। उनसे लंबी बातचीत के बाद वे भी शांतिपूर्वक लौट गए।
दरअसल, पंजाब से आए निहंग सिखों के एक बड़े जत्थे ने विकासनगर-कुल्हाल सीमा से उत्तराखंड में जबरन प्रवेश करने की कोशिश की थी। पुलिस की बैरिकेडिंग हटाकर कुछ निहंग राज्य में दाखिल हो गए थे। इस दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ और तलवार लहराने के वीडियो भी सामने आए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निहंग चमोली के कर्णप्रयाग में 16 जून को हुए विवाद में गिरफ्तार अपने चार साथियों की रिहाई की मांग कर रहे थे। उस घटना में स्थानीय लोगों और निहंगों के बीच झड़प के दौरान तलवारबाजी में कई लोग घायल हुए थे। इसके बाद 20 जून को कुछ निहंग रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए थे, जिन्हें प्रशासन और सिख प्रतिनिधिमंडल की बातचीत के बाद 23 जून को नीचे उतारा गया था।
फिलहाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।