अब एक कॉल पर दर्ज होगी शिकायत, छत्तीसगढ़ में शुरू हुई सीएम हेल्पलाइन 1076
(Raipur, Raipur) छत्तीसगढ़ सरकार ने सुशासन और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में इस हेल्पलाइन का शुभारंभ किया। सरकार का कहना है कि यह व्यवस्था जनता और शासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगी और शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि अब प्रदेश का कोई भी नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 पर फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। इसके अलावा लोग लिखित रूप में, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और डिजिटल माध्यमों से भी शिकायत, सुझाव और सरकारी योजनाओं पर फीडबैक दे सकेंगे।

शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन के जरिए एक शिकायतकर्ता से सीधे बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों का तय समय सीमा के भीतर समाधान किया जाएगा, जिससे लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

इस नई व्यवस्था से राज्य सरकार के 42 विभाग जुड़े हैं और करीब 8 हजार अधिकारी शिकायतों के निस्तारण की जिम्मेदारी संभालेंगे। शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए 1195 अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जिन पर तय समयसीमा में कार्रवाई होगी।

हेल्पलाइन को व्हाट्सऐप, वेब पोर्टल और मोबाइल ऐप से भी जोड़ा गया है, ताकि नागरिक किसी भी माध्यम से आसानी से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकें।

हेल्पलाइन कर्मचारी खुशी ध्रुव ने बताया कि आम जनता की शिकायत दर्ज होने के बाद उसे संबंधित अधिकारी तक भेजा जाता है। समस्या का समाधान होने के बाद शिकायतकर्ता से दोबारा संपर्क कर उसकी संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाती है।

यह हेल्पलाइन 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन संचालित होगी। सरकार का मानना है कि इससे न केवल शिकायत निवारण प्रणाली मजबूत होगी, बल्कि जनभागीदारी, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही को भी नई मजबूती मिलेगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।