दरअसल, 30 जुलाई को होने वाले दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किया है। इसके बाद पार्टी के भीतर विरोध खुलकर सामने आ गया।
शुक्रवार शाम से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन शनिवार तड़के उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने ग्वालियर-झांसी हाईवे पर करीब 15 से 20 किलोमीटर लंबा चक्काजाम कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जबकि प्रदर्शनकारियों के पथराव में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक वाहन पलट गया।
शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई हिंसा में एसपी, एसडीओपी समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, डॉ. नरोत्तम मिश्रा के कुछ समर्थकों के भी घायल होने की सूचना है। स्थिति पर नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन ने भाजपा कार्यालय में मौजूद करीब 250 कार्यकर्ताओं को एहतियातन अंदर ही रोके रखा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी।
टिकट बदलने के विरोध में 500 से अधिक भाजपा कार्यकर्ता रातभर हाईवे पर डटे रहे। डबरा के हरिपुर तिराहे पर भी चक्काजाम किया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। विरोध प्रदर्शन भाजपा कार्यालय तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। पड़ोसी जिलों से भी समर्थक दतिया पहुंचे।
विरोध के बीच भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सरण सहित कई पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। नगर मंत्री और भाजपा कोषाध्यक्ष ने भी पद छोड़ दिया। समर्थकों का दावा है कि कई भाजपा पार्षदों ने भी सामूहिक इस्तीफे सौंप दिए हैं।
उपचुनाव की घोषणा के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार चुनावी तैयारियों में जुटे थे और उन्होंने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया था। हालांकि अंतिम समय में पार्टी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित कर दिया। अब तक 13 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं, जिनमें चार उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।