गुरुग्राम में थार से घरेलू सहायिका को कुचला, महिला की मौत; पुलिस जांच में जुटी
(Gurgaon, Gurgaon) हरियाणा के गुरुग्राम में एक दर्दनाक हादसे में पार्किंग क्षेत्र में सो रही घरेलू सहायिका की थार गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की रहने वाली थीं। वह सोसाइटी के एक फ्लैट में काम खत्म करने के बाद भूतल की कार पार्किंग में सो रही थीं।

इसी दौरान उसी इमारत में रहने वाली एक महिला अपनी थार एसयूवी को रिवर्स कर रही थी। इसी दौरान वाहन गुड्डी के ऊपर चढ़ गया। हादसे के बाद चालक महिला उन्हें निजी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, अस्पताल से लौटने के बाद महिला चालक शव को वापस सोसाइटी लेकर आई और उसे घटनास्थल पर रख दिया। सूचना मिलने पर सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के भतीजे ने आरोप लगाया है कि चालक ने घटना की जानकारी तुरंत किसी को नहीं दी और शव को दोबारा पार्किंग में लाकर रख दिया। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों ने चालक के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया।

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।