PM Surya Ghar Yojana में ऋण वितरण की गति बढ़ाने पर जोर, पात्र आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और सोलर रूफटॉप उपभोक्ताओं को समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यूपी नेडा के निदेशक की अध्यक्षता में प्रमुख पीएसयू बैंकों, आरईसी, एसएलबीसी और संबंधित हितधारकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत लंबित ऋण आवेदनों, ऋण स्वीकृति, दस्तावेजी प्रक्रिया और ऋण वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई।

यूपी नेडा के निदेशक रविन्दर सिंह ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि ऋण आवेदनों के अनावश्यक रिजेक्शन को न्यूनतम किया जाए और पात्र उपभोक्ताओं के आवेदनों की समयबद्ध प्रक्रिया एवं स्वीकृति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वीकृत ऋण का शीघ्र वितरण करने के निर्देश दिए, ताकि रूफटॉप सोलर की स्थापना में देरी न हो। साथ ही लंबित मामलों की नियमित बैंकवार समीक्षा कर उनका जल्द निस्तारण करने पर जोर दिया गया।

बैठक में पीएम सूर्य घर योजना के पोर्टल और जन समर्थ से जुड़ी प्रक्रियात्मक समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर भी चर्चा हुई। एसएलबीसी के माध्यम से बैंकों के साथ नियमित समन्वय और लंबित प्रकरणों की मॉनिटरिंग को मजबूत करने पर जोर दिया गया। आरईसी और संबंधित हितधारकों से बैंकिंग प्रक्रिया में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान में सहयोग का आग्रह किया गया।

यूपी नेडा का उद्देश्य सौर ऊर्जा अपनाने के इच्छुक प्रत्येक पात्र परिवार को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध ऋण सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि उत्तर प्रदेश में पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर की स्थापना की गति को और तेज किया जा सके।

बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक और यूको बैंक सहित प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ एसएलबीसी और आरईसी के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।