(Lucknow, Lucknow)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में वैमनस्यता फैलाने वाले लोग मामूली घटनाओं को बड़ा बनाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में जिलों में हर छोटी से छोटी घटना पर जिलाधिकारी और एसपी स्वयं नजर रखें। सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों की सुनवाई करें और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामलों का पटाक्षेप कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छोटी-छोटी घटनाओं में भी उदासीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ‘जनता दर्शन’ में कुर्सियों पर बैठे हर पीड़ित से मिले और उनकी समस्याओं व शिकायतों को सुना। प्रशासन, पुलिस, राजस्व और विद्युत सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों के प्रार्थना पत्र लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, मरीजों के इलाज की व्यवस्था कराई जाए और भूमाफिया व दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री के समक्ष पुलिस और राजस्व से जुड़ी शिकायतें अधिक रहीं। इस पर उन्होंने पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को नियमित रूप से जनपदों में जनसमस्याओं का निराकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मातहत अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही की शिकायत मिलती है तो उस पर भी कार्रवाई की जाए। साथ ही राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां के साथ आए एक नन्हे बच्चे से भी बातचीत की। उन्होंने बच्चे का हालचाल पूछा और यह भी जाना कि वह कहां पढ़ता है। मुख्यमंत्री ने उसकी तरफ चॉकलेट बढ़ाई तो बच्चे ने तुरंत चॉकलेट ले ली। जब मुख्यमंत्री ने चॉकलेट वापस मांगी तो बच्चे ने मना कर दिया, जिस पर पूरा हॉल खिलखिला उठा। मुख्यमंत्री ने बच्चे को सुखद भविष्य का आशीर्वाद दिया और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए कहा।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।