(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 व्यापार के साथ कला और संस्कृति का भी संगम बनने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस मेगा आयोजन की हर शाम सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी। पांच दिवसीय कार्यक्रम में लोक परंपराओं से लेकर सुगम संगीत तक की प्रस्तुतियां होंगी और देश-प्रदेश के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
सांस्कृतिक समारोह की शुरुआत शंख वादन और स्वस्ति वाचन से होगी। कार्यक्रम में Bollywood सिंगर मोनाली ठाकुर, लोकगीत गायिका मालविका हरिओम, पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र का सितार वादन, भजन गायक ओमप्रकाश दुबे और कोरियोग्राफर श्रीराम सांखला की ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा बंदा बैरागी बैंड और सर्वत्र बैंड भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
पहली शाम शंख वादन व स्वस्ति वाचन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद मालविका हरिओम का लोकगीत गायन, मथुरा की सीमा मोरवाल का लोकनृत्य, आकांक्षा श्रीवास्तव की कथक नृत्य नाटिका और आकांक्षा त्रिपाठी का भजन क्लबिंग कार्यक्रम होगा।
दूसरी शाम Bollywood सिंगर मोनाली ठाकुर की स्टार नाइट आयोजित होगी। इससे पहले पं. चेतन जोशी का वाद्य वृंद, वंदना मिश्रा का लोकगीत गायन, मर्यादा कुलश्रेष्ठ की कथक नृत्य नाटिका और पूर्णिमा कुमार का ढेढिया नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
तीसरी शाम पखावज ट्रायो, आल्हा गायन, झांसी का राई लोकनृत्य और कथक नृत्य आकर्षण का केंद्र होंगे। पं. रविशंकर उपाध्याय और पं. ऋषिशंकर उपाध्याय पखावज ट्रायो प्रस्तुत करेंगे। रायबरेली की शीलू सिंह राजपूत आल्हा गायन करेंगी, जबकि झांसी की वंदना कुशवाहा राई लोकनृत्य और नोएडा की प्रियंवदा सिंह कथक प्रस्तुत करेंगी। रंजना नेब की नृत्य नाटिका और सर्वत्र बैंड की प्रस्तुति भी होगी।
चौथी शाम पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्र के सितार वादन की प्रस्तुति होगी। इसके साथ सबीना सैफी का सुगम संगीत, निशा केसरी का कथक नृत्य, पीलीभीत के रजनीश राणा का थारू जनजाति नृत्य और बंदा बैरागी बैंड की सूफी प्रस्तुति होगी।
पांचवीं शाम भारत के विभिन्न रंगों को प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें ओमप्रकाश दुबे का भजन गायन, गोरखपुर के राकेश उपाध्याय का लोकगीत गायन, मिताली सैनी की कथक नृत्य नाटिका और कोरियोग्राफर श्रीराम सांखला की ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ प्रस्तुति शामिल होगी।
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो को व्यापार और निवेश के साथ प्रदेश की लोककलाओं और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच देने के अवसर के रूप में भी प्रस्तुत किया जा रहा है। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों की लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को देश-दुनिया के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।