उत्तर प्रदेश में सितंबर के दौरान प्रतिदिन औसतन 2,493 रूफटॉप सोलर प्लांट लगाए गए। 30 सितंबर को एक ही दिन में 3,389 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए। पूरे महीने में यूपी ने गुजरात से 29,180 और महाराष्ट्र से 13,889 अधिक इंस्टॉलेशन किए। देशभर में सितंबर के दौरान कुल 4,38,815 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित हुए, जिनमें उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 17 प्रतिशत रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। पीएम सूर्य घर योजना के राज्यस्तरीय क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय और प्रगति की निगरानी यूपी नेडा के निदेशक रविंदर सिंह के नेतृत्व में की जा रही है।
30 सितंबर 2026 तक उत्तर प्रदेश में योजना के तहत कुल 8,67,755 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित हो चुके हैं। इनकी कुल स्थापित क्षमता 2,911.39 मेगावाट पहुंच गई है। संचयी स्थापना के मामले में गुजरात 8,70,152 इंस्टॉलेशन के साथ यूपी से 2,397 आगे रहा, जबकि महाराष्ट्र में कुल 8,27,182 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए।
पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने पर सब्सिडी दी जाती है। योजना की निर्धारित अवधि 31 मार्च 2027 तक है। अधिकारियों ने शेष विद्युत उपभोक्ताओं से समय रहते आवेदन करने और पात्रता के अनुसार सब्सिडी का लाभ उठाने की अपील की है। उपभोक्ता पीएम सूर्य घर राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। रूफटॉप सोलर अपनाने से बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार में भी योगदान दिया जा सकता है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।