(MAHARASHTRA, India)
बैठक में पवार एवं प्रफुल्ल पटेल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के सरकारी आवास ‘देवगिरि’ पर हुई। राकांपा के प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि यह बैठक सीट बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध पर विचार विमर्श के लिए बुलायी गयी थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नारायण राणे ने कल नासिक में कहा था कि राकांपा ने अपनी मांग बढ़ाते हुए गठबंधन के विजयी होने की स्थिति में आधे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की मांग की है। कांग्रेस सूत्रों ने बताया, ‘यह अनुचित मांग है।’ उन्होंने कहा कि कल रात के लिए प्रस्तावित बैठक इसलिए नहीं हो पायी क्योंकि कांग्रेस द्वारा रखे गये प्रस्ताव पर राकांपा ने अपने निर्णय के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण एवं राज्य कांग्रेस अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे ने कल सुबह राकांपा नेताओं के साथ हुई बैठक का ब्यौरा देने से इंकार कर दिया। ठाकरे कह चुके हैं कि यदि 15 साल पुराना गठबंधन टूटता है तो उसके लिए कांग्रेस को दोष नहीं दिया जाना चाहिए। उधर चव्हाण ने कहा था कि पार्टी की उन 114 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारने के लिए आकस्मिक योजना भी तैयार हैं जहां 2009 में राकांपा ने चुनाव लड़ा था। राकांपा , कांग्रेस की उस पेशकश को ठुकरा चुकी है जिसके अनुसार उससे इस बार 124 सीटों पर लड़ने को कहा गया है। पार्टी ने 2009 में 114 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।