यूपी में गोरखपुर के नजदीक दो ट्रेनों की टक्कर,  हादसे में 12 मरे, 45 घायल
(Bansgaon, Gorakhpur) पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि देर रात 10 बजकर 47 मिनट पर गोरखपुर तथा कैंट रेलवे स्टेशनों के बीच नन्दानगर रेलवे क्रॉसिंग के पास लखनउ से बरौनी जा रही एक्सप्रेस के पीछे के तीन डिब्बे दुर्घटनावश पटरी से उतर गये थे। बरौनी एक्सप्रेस के इन डिब्बों को बगल की पटरी से गुजर रही मण्डुआडीह-लखनउ कृषक एक्सप्रेस के इंजन से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि टक्कर से बरौनी एक्सप्रेस के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये। इस हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। सिंह के अनुसार, दुर्घटना में 45 लोग जख्मी हुए है जिनमें से 12 की हालत नाजुक बतायी जाती है लिहाजा मृतकों की संख्या बढने की आशंका है। सिंह ने बताया कि रैपिड एक्शन फोर्स, गोरखा रेजीमेंट तथा रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंच कर, बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए डिब्बों से घायल यात्रियों को निकालने का काम शुरू किया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना की जानकारी देने और पूछताछ के लिए हेल्पलाइन नम्बर शुरू किये गये हैं। जो गोरखपुर के लिए 05513303365 और 09794846980, लखनउ के लिए 05222233042, छपरा के लिए 09006693233 तथा बनारस के लिए 09919041978 हैं। दुर्घटना के बाद राहत कार्य के लिए गोरखपुर से दुर्घटना चिकित्सा राहत वाहन, दुर्घटना राहत वाहन घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं तथा बचाव कार्य पूरी तेजी से चल रहा है। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये हैं। सिंह ने बताया कि कृषक एक्सप्रेस के लोको पायलट राम बहादुर एवं सहायक लोको पायलट सत्यजीत को निलंबित कर दिया गया है। दुर्घटना के फलस्वरूप रेलमार्ग बाधित होने के कारण कई रेलगाड़ियों का संचालन निरस्त कर दिया गया है और अनेक ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।