ईबिज से जोड़ी जाएंगी सरकारी विभागों की सेवाएं : सीतारमण
(India) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज यह जानकारी दी। मंत्री ने कहा कि सरकार अनावश्यक लाइसेंस और रेगुलेशन हटा कर कारोबार की संपूर्ण प्रक्रिया आसान बनाने को प्रतिबद्ध है। इससे उलझने कम होंगी, काम तेज होंगे और पारदर्शिता बढ़ेगी। यहां भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (आईआईएफटी) के अध्यापकों व विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सीतारमण ने कहा, ‘31 दिसंबर, 2014 तक केंद्र सरकार के सभी विभागों व मंत्रालयों की सेवाओं को ईबिज के साथ एकीकृत करने का प्रस्ताव है। ईबिज एक एकल खिड़की प्रणाली है।’
उन्होंने कहा कि बहुत ही कम समय में सरकार ने औद्योगिक लाइसेंस और औद्योगिक उद्यमशीलता ज्ञापन के आवेदन की ऑनलाइन करने की घोषणा की और अब उद्यमियों के लिए यह सेवा ईबिज वेबसाइट पर अब चौबीसों घंटे व सातों दिन उपलब्ध है। गौरतलब है कि कारोबार में आसानी के मामले में एक वैश्विक रपट में भारत को 189 देशों के बीच 142 स्थान पर रखा गया है और इसमें एक साल पहले से दो स्थान नीचे आ गया है। नयी सरकार का कहना है कि सुधारों की दिशा में उसके प्रयासों का असर अगले साल दिखेगा और कोशिश है कि भारत पहले 50 देशों में स्थान बना ले।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।