नई विमानन कंपनी विस्तार की सेवा नौ जनवरी से शुरू होगी। शुरू में यह सेवा नई दिल्ली से मुंबई और अहमदाबाद के लिए दैनिक आधार पर शुरू की जाएगी। यह जानकारी यहां शुक्रवार को कंपनी के एक अधिकारी ने दी। कंपनी टाटा संस और सिंगापुर एयरलाइंस का संयुक्त उपक्रम है। अधिकारी ने कहा, हमने ऑनलाइन अैर वितरण चैनलों के जरिए एयरबस ए-20-200 विमानों की दिल्ली-मुंबई-दिल्ली और दिल्ली-अहमदाबाद-दिल्ली उड़ान सेवा के लिए नौ जनवरी से बुकिंग शुरू कर दी है। कंपनी 148 सीटों वाले इस विमान में 16 सीटें बिजनस केबिन में, 36 सीटें प्रीमियम इकॉनमी में और 96 सीटें इकॉनमी श्रेणी में रखी हैं। कंपनी फ्रीक्वेंट फ्लायर कार्यक्रम भी शुरू करेगी और इसके लिए तय की गई दूरी पर नहीं बल्कि टिकट पर खर्च की गई राशि पर सदस्य यात्रियों को अंक प्रदान करेगी। अबेकस, अमेडियस और ट्रैवलपोर्ट विस्तार की वितरण साझेदार है जो यात्रियों को सभी प्रमुख यात्रा पोर्टल पर बुकिंग करने की सुविधा देगी। सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी विप्रो कंपनी के लिए पूछताछ, आरक्षण, टिकट और क्लब सीटों के मामले में ग्राहक सेवा केंद्र संभालेगी, जबकि टीसीएस फ्रंट और बैक ऑफिस कार्य संभालेगी। अमेडियस एल्टिया सूट यात्रा आरक्षण, भंडारण प्रबंधन, हवाईअड्डा प्रस्थान नियंत्रण प्रणाली तथा आय प्रबंधन संभालेगी।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।