बेंगलुरु ब्‍लास्‍ट: सिमी आतंकियों पर शक; धमाके की जांच शुरू, देश भर में अलर्ट
(Anekal, Bangalore) सिमी के आतंकियों के इस ब्‍लास्‍ट में शामिल होने का शक जताया जा रहा है। गौर हो कि इस धमाके में एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एनएसए और आईबी चीफ मौजूद रहे। वहीं, केंद्र सरकार ने साफ कर दिया कि बेंगलुरु के रेस्तरां के बाहर हुआ धमाका आतंकी वारदात थी। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने साफ कर दिया है कि ये आतंकियों की करतूत थी। रिजिजू के मुताबिक इस धमाके के पीछे सिमी आतंकियों का हाथ हो सकता है। रिजिजू के मुताबिक, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बेंगलुरु में पहले के धमाके और इस बार के धमाके में कोई संबंध है या नहीं। उन्होंने कहा है कि एनआईए इस मामले की जांच कर सकती है। इस बारे में विचार किया जा रहा है। बेंगलुरु धमाके की जांच शुरू होने के साथ ही देश भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि सिमी के पांच भगोड़े आतंकी इस वारदात के पीछे शामिल हो सकते हैं। उधर, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एस सिद्धारमैया ने भी धमाके के मद्देनजर उच्‍च स्‍तरीय बैठक की। वहीं, बेंगलुरु ब्‍लास्‍ट को लेकर गृह मंत्रालय की आज अहम बैठक में हालात पर चर्चा की गई। ब्‍लास्‍ट के सिललिसे में यूपी के मुरादाबाद के कई होटलों में छापेमारी की गई। पुलिस की कई टीमों ने होटलों की तलाशी ली है। गौर हो कि कर्नाटक पुलिस के महानिदेशक एल पचाउ ने मौके पर संवाददाताओं को बताया कि आईईडी एक प्लास्टिक की थली में रखा था और संदेह है कि इसे झाड़ियों वाले किसी पौधे में लगाया गया था। कोकोनट ग्रोव रेस्त्रां के बाहर रात करीब साढ़े आठ बजे इसमें विस्फोट हुआ। विस्फोट के छर्रे लगने से एक महिला की मौत हो गयी जबकि तीन अन्य घायल हो गये। महिला की आयु 30 से 40 वर्ष के बीच में है। नगर पुलिस के आयुक्त एमएन. रेड्डी ने संवाददाताओं को बताया कि महिला की पहचान भवानी के रूप में हुई है। वह तमिलनाडु की रहने वाली थी और बेंगलुरु घूमने आई थी। विस्फोट के छर्रे सिर पर लगने के कारण बुरी तरह घायल होने के बाद उसने दम तोड़ दिया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।