लखनऊ में सजा जनजातीय संस्कृति का रंगारंग मंच, 13 राज्यों के कलाकारों ने बिखेरी लोककलाओं की छटा
(Lucknow, Lucknow) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जनजातीय संस्कृति, लोककला और पारंपरिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला। गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में सोमवार को चार दिवसीय 'अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव' का भव्य शुभारंभ हुआ। 23 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश के 13 राज्यों से आए जनजातीय कलाकार अपनी पारंपरिक कला, नृत्य और संगीत के जरिए भारतीय संस्कृति की विविधता प्रस्तुत कर रहे हैं।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित उत्सव का उद्घाटन समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

उत्सव की शुरुआत सांस्कृतिक समागम शोभायात्रा से हुई। 1090 चौराहे से शुरू हुई शोभायात्रा यूपी दर्शन पार्क पहुंची, जहां शाम पांच बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

सोनभद्र के कलाकारों ने मादल वादन और करमा नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी से आए थारू जनजाति के कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य के जरिए अपनी सांस्कृतिक पहचान दिखाई। बिजनौर की बुक्सा जनजाति के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति दी। चित्रकूट के कलाकारों ने जवारा और राई नृत्य से समां बांधा।

देश के अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों ने भी उत्सव में अपनी लोककलाओं का प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र के कलाकारों ने बोहणा नृत्य, मध्य प्रदेश के कलाकारों ने भगोरिया नृत्य और राजस्थान के कलाकारों ने तेराताली एवं चकरी नृत्य प्रस्तुत किया।

पश्चिम बंगाल के संथाली नृत्य, हिमाचल प्रदेश के सिरमौरी और लम्बाडा नृत्य तथा छत्तीसगढ़ की पंडवानी गायन प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विविध रंग भरे। ओडिशा की बोंडा जनजाति के कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि उत्तराखंड के जौनसारी नृत्य ने पहाड़ी लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। प्रयागराज के कलाकारों ने बीन वादन और राजस्थान के कलाकारों ने लंगा गायन से दर्शकों को लोकसंगीत से रूबरू कराया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्सव स्थल पर शिल्प मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। यह मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिल्पकार अपने पारंपरिक हस्तशिल्प और जनजातीय कलाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं।

मेले के माध्यम से लोगों को पारंपरिक उत्पादों को देखने, शिल्पकारों से संवाद करने और उनकी कला को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।

चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव 26 नवंबर तक यूपी दर्शन पार्क, गोमती नगर में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने भी आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

यह उत्सव जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक कलाओं और हस्तशिल्प को व्यापक मंच उपलब्ध कराने के साथ देश की विविध लोकपरंपराओं से लोगों को परिचित कराने का अवसर प्रदान कर रहा है।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।