शशि थरूर से आज फिर पूछताछ कर सकती है दिल्‍ली पुलिस
(DELHI, India) पिछले साल की शुरुआत में सुनंदा पुष्कर की रहस्यमय मौत मामले में उनके पति और कांग्रेस नेता शशि थरूर से बुधवार को एक बार फिर दिल्‍ली पुलिस पूछताछ कर सकती है। गौर हो कि शशि थरूर से एक दौर की पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि वह जांच करेगी कि क्या सुनंदा पुष्कर की मौत से आईपीएल पहलू जुड़ा है।दिल्ली पुलिस प्रमुख बीएस बस्सी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सोमवार रात चार घंटे चली एसआईटी की पूछताछ में ‘सहयोग’ किया। हालांकि उन्होंने थरूर से आगे भी पूछताछ किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया। मामले में आगे की कार्ययोजना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि थरूर ने जो कहा है, विशेष जांच दल (एसआईटी) उसका विश्लेषण करेगी और उसके बाद आगे की कार्रवाई करेगी।यह पूछे जाने पर कि एसआईटी क्या आईपीएल पहलू से भी मामले को देख रही है, उन्होंने कहा कि आईपीएल के बारे में जो कुछ भी कहा गया है, वह प्रासंगिक होगा और निश्चित रूप से उसके बारे में पूछा जाएगा क्योंकि उद्देश्य सच्चाई की तह तक जाना है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि अन्य पहलू भी घटना से जुड़े हो सकते हैं और 58 वर्षीय थरूर से आईपीएल विवाद के बारे में पूछताछ की गई। सुनंदा (52) पिछले साल 17 जनवरी को यहां के एक पंचसितारा होटल के कमरे में मृत मिली थीं। दिल्ली पुलिस ने हाल में ही इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आईपीएल विवाद 2010 में सामने आया जब थरूर विदेश राज्य मंत्री थे। आरोप था कि उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए अपने पद का ‘दुरुपयोग’ किया कि सुनंदा को 70 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाए जो आईपीएल कोच्चि के फ्रेंचाइजी रेंडेवू स्पोर्ट्स में 19 प्रतिशत की हिस्सेदारी के बराबर थी। सुनंदा थरूर की मित्र थीं और तब तक उन दोनो ने विवाह नहीं किया था। सुनंदा ने किसी प्रकार की गड़बडी के आरोपों से इंकार किया था। उन्होंने इस बात से भी इंकार किया था कि वह कोच्चि आईपीएल फ्रेंचाइजी में थरूर का प्रतिनिधित्व कर रही थीं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।