आसाराम मामले में सरकारी गवाह कृपाल सिंह की अस्पताल में मौत हो गई है. शुक्रवार को अज्ञात हमलावरों ने यूपी के शाहजहांपुर में कृपाल को गोली मार दी थी. कृपाल सिंह से पहले आसाराम केस में दो अहम गवाहों अखिल गुप्ता और अमृत प्रजापति की हत्या हो चुकी है जबकि महेंद्र चावला पर हमला हो चुका है.इस मामले में गवाहों के खिलाफ यह नौवां हमला है. पुलिस ने बताया कि 35 साल के कृपाल सिंह को मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने शाहजहांपुर के पुवायां इलाके में उस वक्त गोली मार दी जब वह शुक्रवार की रात बाजार से अपने घर जा रहे थे. भागने से पहले दोनों हमलावरों ने कृपाल को आसाराम के खिलाफ गवाही देने को लेकर चेतावनी दी.पुलिस ने बताया कि कृपाल एक परिवहन कंपनी का कर्मचारी था जिसके मालिक की बेटी ने 2013 में राजस्थान के जोधपुर में 74 साल के आसाराम पर यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था. कृपाल एक अहम गवाह था और करीब तीन महीने पहले आसाराम के खिलाफ उसका बयान अदालत में दर्ज किया गया था. आसाराम सितंबर 2013 से जोधपुर की एक जेल में बंद है. दो महीने बाद आसाराम और उसके बेटे नारायण साई पर गुजरात के सूरत में दो बहनों ने बलात्कार का मामला दर्ज कराया था. आसाराम के मामले में गवाह पर हमले की पिछली घटना जनवरी में हुई थी जब उत्तर प्रदेश में ही उसके खानसामे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अब तक नौ गवाहों पर हमले हो चुके हैं जिनमें दो की मौत हो चुकी है.
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।