तस्करी के आरोप में बीएसएफ का जवान गिरफ्तार
(India)
पंजाब की मोहाली पुलिस ने सीमा पार से हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान अनिल कुमार को राजस्थान के श्रीगंगानगर से गिरफ्तार किया है। मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बीएसएफ की 52वीं बटालियन का जवान अनिल को सीआईए टीम ने कल श्री गंगानगर से गिरफ्तार किया। वह खरड़ क्षेत्र से गत चार जनवरी को गिरफ्तार कुख्यात तस्कर गुरजंट सिंह उर्फ भोलु और उसके साथियों संदीप सिंह और जतिंदर सिंह की राजस्थान में पाकिस्तान से लगती सीमा के रास्ते मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी में मदद करता था। भुल्लर के अनुसार तस्करों ने रिमांड के दौरान सीमा पार से तस्करी में अनिल के मदद करने का खुलासा किया था। उन्होंने कहा कि अनिल ने पूछताछ में गिरोह के सदस्यों की मदद करने की बात कबूल की है। उसे आज अदालत में पेश करके दस जनवरी तक रिमांड पर लिया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।