29 फरवरी को नोएडा से लापता फैशन डिजाइनर शिप्रा मलिक गुड़गांव में सकुशल मिल गई है। अभी तक हुई पूछताछ और तफ्तीश से यही पता चला है कि शिप्रा का कोई अपहरण नहीं हुआ था। उसने संपत्ति के विवाद से तंग आकर घर से भागकर अपहरण का नाटक रचा। हालांकि अभी भी पुलिस शिप्रा के बयानों की जांच कर रही है। क्योंकि उसके बयानों में तमाम उलटफेर नजर आ रहा है। डीआईजी मेरठ लक्ष्मी सिंह ने बताया कि वह पारिवारिक विवाद के चलते फैशन डिजाइनर शिप्रा मलिक अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी। अभी तक अपहरण जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। टीवी पर अपने परेशान बच्चे और परिवार को दुखी देखकर वो वापस आ गई। डीआईजी ने खुलासा किया कि शिप्रा ने टीवी शो क्राइम पेट्रोल देखकर यह सारी साजिश रची थी। वहीं से उसके दिमाग में प्लान आया। मेडिकल जांच में भी उसे किसी प्रकार की चोट लगने की बात सामने नहीं आई है वहीं शिप्रा ने गुड़गांव में पुलिस को जो कहानी सुनाया, उसके मुताबिक उसको गुड़गांव के सुल्तानपुर गांव के पास वैन सवार चार बदमाश बीती रात छोड़कर फरार हो गए। शिप्रा के मुताबिक इसके बाद वह खुद को बचाने के लिए कई किलोमीटर तक भागती रही। फिर गांव वालों ने शिप्रा की जानकारी सरपंच राकेश कुमार को दी थी। राकेश ने बताया कि युवती रोती और घबराई हुई थी। उसने अपना नाम शिप्रा बताया और कहा कि वह नोएडा की रहने वाली है। कुछ दिन पहले उसका कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया गया था। इसकी सूचना सरपंच ने फर्रुखनगर थाना प्रभारी को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को थाने लेकर आ गई। गुड़गांव पुलिस ने शिप्रा के पति के साथ नोएडा पुलिस को भी सूचना दी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।