ठाणे में अपने ही परिवार के 14 सदस्यों की नृशंस हत्या के आरोपी हसनैन वारेकर पर 67 लाख रूपये का कर्ज था। ये कर्ज उसने अपने संबंधियों से लिया था। इस हत्याकांड के जांचकर्ताओं ने शनिवार को यह जानकारी दी। ठाणे पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, हसनैन ने अलग अलग मौकों पर कारोबार करने के बहाने अपने करीबी रिश्तेदारों से करीब 67 लाख रुपये का कर्ज लिया था। हसनैन शेयर के कारोबार से भी जुड़ा था। पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या उसे शेयर कारोबार में गहरा नुकसान हुआ था। अधिकारी ने नाम जाहिर न करने के अनुरोध पर बताया कि पुलिस को यह भी पता चला है कि हसनैन ने वारदात से कुछ माह पहले समीपवर्ती माजावाड़ा इलाके में किराये पर एक कमरा लिया था। इस मामले में फारेन्सिक रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है ताकि मामले में कई ब्यौरों की पुष्टि की जा सके। इस सप्ताह के शुरू में उसके मकान की तलाशी के दौरान कुछ दवाएं बरामद हुई थीं जो मनोवैज्ञानिक लक्षणों या बीमारी का संकेत देती थीं। पुलिस का कहना है कि इन दवाओं से हसनैन की नरसंहार से पहले की मानसिकता का पता चल सकता है। पुलिस उस फर्मासिस्ट का पता लगाने के लिए प्रयासरत है जहां से ये दवाएं ली गईं। इन दवाओं को बतौर नुस्खा लिखने वाले डाक्टर की तलाश भी जारी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं हसनैन स्प्लिट पर्सनैलिटी की समस्या से ग्रस्त तो नहीं था जिसके कारण उसने अपने परिवार को मौत के घाट उतारा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।