फिल्मों में अभिनय के नाम पर करते थे ब्लैकमेल
(India)
12वीं की छात्र को उसके अभिनय के शौक ने एक गिरोह के चंगुल में फंसा दिया। आरोपियों ने उसे हीरोइन बनाने का झांसा दे पहले उसका एमएमएस बनाकर ब्लैकमेल किया। फिर पूरी फिल्म इंटरनेट पर डाल दी। परिजनों की शिकायत पर ज्योतिनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर फर्जी अभिनेता सावन व कैमरामैन संजय को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपियों की तलाश अभी जारी है। जानकारी के अनुसार पीड़िता परिवार के साथ शाहदरा इलाके में रहती है। वह एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ती है। परिजनों के मुताबिक छात्र को फिल्म में अभिनय का बहुत शौक है। करीब तीन माह पहले उसने अखबार में एसडीएल फिल्म्स का विज्ञापन देखा। वह दिलशाद गार्डन स्थित संस्था के कार्यालय में गई, जहां सावन कुमार नाम का शख्श मिला। सावन ने खुद को फिल्म अभिनेता व निर्देशक बताया। उसने छात्र से भोजपुरी फिल्म में काम करने के लिए समझौता किया। शिकायत के अनुसार शुरू में स्क्रीन टेस्ट के नाम पर दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर शूटिंग हुई। फिर 2 फरवरी को छात्र को शूटिंग के लिए बवाना स्थित एक मकान में ले जाया गया, जहां सावन के साथ फिल्म की शूटिंग की गई। छात्र ने बताया कि उसे शूटिंग से पहले चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। फिर एमएमएस बनाया गया और उसे दिखाकर ब्लैकमेल किया जाने लगा। आरोपियों ने इसके बाद बार-बार अश्लील एमएमएस बनाए।छात्र द्वारा मना करने पर वीडियो इंटरनेट पर डालने की धमकी दी थी। आरोपियों ने छात्र से पैसे की मांग की। जब उसने पैसे देने में असमर्थता जताई तो उन्होंने सारे वीडियो अश्लील वेबसाइट पर डाल दिए। जब इसकी जानकारी छात्र के परिजनों को हुई तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस को कंपनी के छापे में 50 से अधिक एमएमएस की क्लिप्स मिली हैं। ये लोग पांच साल से इस धंधे में सक्रिय थे। इसलिए माना जा रहा है कि उन्होंने 30 से अधिक लड़कियों को अपना शिकार बनाया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।