सुप्रीम कोर्ट ने 16 दिसंबर के सामूहिक बलात्कार एवं हत्या मामले के चार दोषियों की अपील पर दो न्याय मित्रों को नियुक्त किया है। इन चारों ने अपनी मौत की सजा को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा बरकरार रखने के फैसले को चुनौती दी है। जस्टिस दीपक मिश्रा, वी गोपाल गौड़ा और कुरियन जोसफ की पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता राजू रामचंद्रन और संजय हेगड़े को मामले में अदालत की सहायता के लिए न्याय मित्र नियुक्त किया। जहां रामचंद्रन दो दोषियों मुकेश और पवन की अपील में अदालत की सहायता करेंगे वहीं हेगड़े मामले में विनय और अक्षय की तरफ से पेश होंगे। पीठ ने कहा, हमें मामले में अपनी चिंता जाहिर करनी चाहिए। हम पूरे मुद्दे पर गंभीरता महसूस करते हैं। कभी-कभार कई धारणाएं होती हैं और हम कोई भी चीज खोना नहीं चाहते। हम मामले में न्यायमित्र की सहायता लेना चाहेंगे। हम दो वरिष्ठ अधिवक्ताओं राजू रामचंद्रन और संजय हेगड़े को मामले में न्याय मित्र नियुक्त करते हैं। मामले की अगली सुनवाई की तारीख 18 जुलाई निर्धारित की जाती है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।