मेरठ में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या
(India)

मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में बुधवार रात करीब सवा दस बजे भाजपा नेता की सरेआम गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। मुख्य चैराहे पर हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद गुस्साए व्यापारियों ने पूरा बाजार बंद कर दिया। लोकप्रिय अस्पताल पहुंचे पुलिस अधिकारियों का घेराव कर हंगामा कर दिया। व्यापारियों ने हत्याकांड के लिए पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। पल्लवपुरम निवासी सुंदरलाल की सेंट्रल मार्केट में विशाल चाट भंडार नाम से दुकान है। यहां वह और उनका पुत्र मोहित सैनी (25) बैठते हैं। मोहित वार्ड 47 से भाजयुमो का कोषाध्यक्ष भी था। बुधवार रात करीब सवा दस बजे मोहित अपने कर्मचारी सागर के साथ स्कूटर से दुकान के लिए सर्फ लेने जा रहा था। सागर ने बताया कि दुकान से कुछ आगे निकलते ही सेक्टर-2 में मुख्य बाजार चैराहे पर दो स्कूटी पर सवार पांच युवकों ने उन्हें हाथ देकर रोक लिया। रोकते ही मोहित से युवकों ने पूछा कि हमसे क्या गलती हुई थी। इतना कहते ही युवकों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। भरे बाजार में व्यापारी को गोलियों से भूनकर हमलावर फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही सेंट्रल मार्केट में भगदड़ मच गई। दुकानों के शटर गिरना शुरू हो गए। कुछ ही मिनटों में पूरा बाजार बंद हो गया। लहूलुहान मोहित को लेकर कुछ लोग लोकप्रिय हॉस्पिटल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सेंट्रल मार्केट के व्यापारी भी हॉस्पिटल पहुंच गए और यहां मौजूद एसपी सिटी ओमप्रकाश एवं अन्य पुलिस अधिकारियों का घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।