कैला भट्टा के मरकज रोड निवासी जलील कुरैशी कैब चालक हैं। वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार रात को उनकी छोटी बेटी 19 वर्षीया गुलिस्तां आंगन में खाट पर सो रही थी और घर के अंदर माता-पिता व दोनों भाई सो रहे थे। रात दो बजे एक अज्ञात युवक छत पर चढ़ गया और गुलिस्तां के ऊपर तेजाब डाल दिया। गुलिस्तां के चिल्लाने पर घर वाले जाग गए। तेजाब से उसके चेहरे और शरीर पर गहरा जख्म हो गया था। परिजन तुरंत ही उसे एमएमजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के मुताबिक वह 80 फीसदी तक जल गई है।
एसपी सिटी का कहना है कि युवती के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि घर के पीछे खाली प्लॉट और टूटी दीवार हैं। दरवाजा बंद था और आरोपी के घुसने का एक ही रास्ता पीछे की तरफ से है। घर के पीछे की दीवार पर एक युवक के पैर के निशान भी हैं। पुलिस आसपास के किसी युवक पर आशंका जता रही है। गुलिस्तां के भाई आरिफ कुरैशी ने बताया कि उसकी शादी तीन महीने बाद होने वाली थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।