इस घटना के बाद से ही इलाके में तनाव व्याप्त हो गया था। मारे गए व्यक्ति की पहचान सज्जाद हुसैन शेख के रूप में की गई है। वह बारामूला जिले के चंदूसा का रहने वाला था। बटमालू के रेका चौक पर पथराव करने वाले एक समूह पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने गोलियां चलाई थी। शेख की सिर पर गोली लगने से मौत हो गई। घटना के दिन श्रीनगर जिला पुलिस प्रशासन ने दावा किया था कि इस इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती नहीं है।
दूसरी ओर बीएसएफ की 38 बटालियन के सब इंस्पेक्टर राजेंद्र बाघड़े ने जम्मू एवं कश्मीर पुलिस को घटना के संबंध में रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट में बीएसएफ की ओर से कहा गया है कि बीएसएफ हेडक्वॉर्टर जा रहे बीएसएफ के तीन गाड़ियों के काफिले पर कुछ लोगों ने पत्थर फेंके। उन लोगों ने बीएसएफ के एक जवान से राइफल लूटने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई करते हुए जब बीएसएफ ने फायरिंग की तो उसमें एक युवक की मौत हो गई।
युवक की मौत के विरोध में रविवार को अलगाववादियों द्वारा बुलाए गए हड़ताल से जनजीवन प्रभावित रहा। अलगाववादी संगठन हुर्रियत कांफ्रेस के दोनों धड़ों के नेताओं सैयद अली शाह गिलानी और मीरवाइज उमर फारूक के साथ ही जेकेएलएफ के प्रमुख यासीन मलिक ने हड़ताल का आहवान किया था। बटमालू और शहर के संवेदनशील इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।