(Bharatpur, Bharatpur)
भरतपुर में बुधवार रात दस बजे आए तेज अंधड़ में सेवर रोड स्थित अन्नपूर्णा मैरिज होम की दीवार गिर गई। इसके नीचे 52 लोग दब गए। हादस में 24 लोगों की मौत हो गई जबकि 40 लोग घायल हुए हैं। जयपुर के केजीबी का रास्ता, जौहरी बाजार निवासी दीपचंद सैनी के पुत्र धमेंद्र की बारात भरतपुर निवासी किरोड़ी के गई थी। मृतकों में बारातियों की संख्या ज्यादा है। वहीं बारातियों के साथ घरातियों में शामिल भरतपुर व मथुरा के लोग भी हादसे का शिकार हुए। देर रात प्रशासन ने निगम को मैरिज गार्डन पर कार्रवाई के आदेश दिए। जब आंधी आई तब बाराती खाना खा रहे थे। अंधड़ से बचने के लिए लोगों ने दीवार की आड़ ली थी। इसी दौरान दीवार ढह गई और करीब 52 लोग इसके नीचे दब गए। अंधड़ के बाद पूरे इलाके की बिजली चली जाने से मुश्किलें बढ़ गईं। लोगों ने मोबाइल टॉर्च का सहारा लिया। बाद में सर्च लाइट्स मंगवाईं। हादसे के बाद हर तरफ दीवार का मलबा फैला था। पूरा माहौल मातम में तब्दील हो गया। पहले तो स्थानीय लोगों ने जैसे-तैसे दबे हुए लोगों की मदद की। लेकिन जब बस नहीं चला तो जेसीबी और कटर मंगवाने पड़े। सूचना पर सेवर थाना पुलिस व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दीवार में दबे लोगों को बाहर निकलना शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि घटना के समय बाराती मैरिज होम के पण्डाल की दीवार के सहारे लगी स्टॉल पर भोजन कर रहे थे। अचानक दीवार गिरने से भोजन कर रहे लोग इसमें दब गए। घायलों को निकाल कर एबुलेंस सहित अन्य साधनों से जिला आरबीएम अस्पताल भिजवाया गया। बड़ी संख्या में घायलों के यहां पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल गया। वहीं, सूचना मिलने पर कई लोग अस्पताल पहुंच गए और घायलों की जानकारी लेने लगे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।