नक्सलियों ने झारखंड में रेलवे ट्रैक उड़ाया, नई दिल्ली-हावड़ा रूट ठप
(BIHAR, BIHAR) झारखंड में नक्सलियों ने एक बार फिर कोहराम मचाया है। रविवार देर रात 12.40 बजे गया-धनबाद रेल रूट पर हजारीबाग रोड स्टेशन के पास विस्फोट करके रेलवे ट्रैक उड़ाया और फिर गिरिडीह में बिरनी के डीजल पम्प को जला डाला। रविवार रात नक्सलियों ने विस्फोट कर चिचाकी और कर्माबांध रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक उड़ाया। जिसकी वजह से हावड़ा-नई दिल्ली रेलवे लाइन पूरी तरह से बाधित हो गई है। देर रात से रेल परिचालन अप और डाउन दोनों में बंद है। कई महत्वपूर्ण सवारी गाड़ियां अगल बगल के स्टेशनों पर खड़ी हैं। सोमवार सुबह हज़ारीबाग रोड से रेलवे के अधिकारी और आरपीएफ के जवान घटनास्थल की और रवाना हो गए हैं। लाखों यात्री स्टेशनों पर ट्रेनों में फंसे हैं। 24 घंटे के बंद का ऐलान सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन के मामले में नक्सलियों ने 29 मई की रात से 1 दिन के बंद का ऐलान किया था। नक्सलियों ने चेतावनी दी है कि बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी भी दूसरे वाहन को चलने नहीं दिया जाएगा।राजधानी समेत कई ट्रेनें इस हमले से प्रभावित हुई हैं। हजारीबाग रोड में कालका एक्सप्रेस डाउन, पारसनाथ में अप कालका एक्सप्रेस, चौधरीबांध में 8624 हटिया पटना एक्सप्रेस, हावड़ा देहरादून एक्सप्रेस धनबाद में खड़ी है। वहीं, कोलकाता, हटिया राजधानी व भुवनेश्वर राजधानी (तीनों राजधानी) गया व उससे पहले के स्टेशनों पर खड़ी हैं। गंगा दामोदर, पटना हटिया एक्सप्रेस भी घंटों लेट चलीं। धनबाद जाने वाली गंगा दामोदर एक्सप्रेस को गया जंक्शन पर रोका गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।