मंदसौर हिंसा: पुलिस ने की हवाई फायरिंग, कर्फ्यू में ढील से सीहोर मे हंगामा
(Mandsaur, Mandsaur) किसानों की हिंसा से प्रभावित मंदसौर नगर और पिपलिया मंडी में स्थिति में सुधार होने पर प्रशासन ने इन इलाकों में आज दिनभर के लिए कर्फ्यू में ढील दे दी है। वहीं सीहोर में किसानों के हंगामा करने की खबर है। किसानों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की और आंसू गैस के गोले दागे। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि अधिकारियों ने स्थिति में सुधार होने पर सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक कर्फ्यू में ढील देने का फैसला किया है।पुलिस ने कहा कि कर्फ्यू में दी गई ढील की अवधि में किसी प्रदर्शन, रैली या धरने की इजाजत नहीं होगी। आंदोलन का केंद्र रहा मंदसौर अपेक्षाकृत शांत है, वहीं किसानों का विरोध मध्य प्रदेश के नए इलाकों में फैल गया है। कर्ज माफी और फसल का बेहतर मूल्य देने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रहने के बीच प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के शाजापुर और धार जिले से कल आगजनी की घटनाओं की सूचना मिली।

पुलिस ने शाजपुर में स्थानीय बाजार के पास पथराव कर रही भीड़ को खदेड़ने के लिये आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। इस घटना के बाद शाजापुर शहर में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी।
आंदोलन राज्य के छिंदवाड़ा और महाकौशल क्षेत्र में भी फैल गया है।केंद्र ने हिंसा प्रभावित राज्य में आरएएफ के 1,100 कर्मियों को भेजा है। आरएएफ की दो कंपनियों को मंदसौर के पिपलिया मंडी में तैनात किया गया है, जहां पांच किसानों की मौत हो गई थी, जबकि अन्य दो कंपनियों को गरौठ में तैनात किया गया है।
आरएएफ की एक कंपनी में करीब 100 कर्मी होते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।