डीएसपी मोहम्मद अयूब पंडित हत्या मामले मे श्रीनगर में SP का तबादला, 5 आरोपी गिरफ्तार
(Srinagar, Srinagar) जम्मू कश्मीर में डीएसपी मोहम्मद अयूब पंडित की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के एक दिन बाद क्षेत्र के एक वरिष्ठ अधिकारी का तबादला कर दिया गया। उनके ही क्षेत्र में यह घटना हुई है। देर रात जारी आदेश में, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एस पी वैद ने उत्तर कश्मीर के पुलिस अधीक्षक सज्जाद खालिक भट के तबादले का आदेश दिए। गुरूवार की रात को नौहट्टा में पीट—पीट हत्या करने की घटना हुई थी जो उत्तर कश्मीर के पुलिस अधीक्षक के अधिकार क्षेत्र में आता है। वही इस मामले में आज तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक 5 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

हटाए गए एसपी भट अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रैंक के अधिकारी हैं। उन्हें पुलिस मुख्यालय में रिपोर्ट करने को कहा गया है। आदेश के मुताबिक, श्रीनगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सज्जाद अहमद शाह उत्तर कश्मीर के एसपी के कामकाज को देखेंगे। अयूब पंडित को गुरुवार रात की जामा मस्जिद के बाहर भीड़ ने निवस्त्र करके उनकी पीट-पीट कर हत्या कर दी थी, जिससे समूचे कश्मीर में रोष उत्पन्न हुआ और सभी तबकों ने इसकी निंदा की।

जम्मू एवं कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख यासीन मलिक को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जेकेएलएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि मलिक को मैसुमा इलाके में स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। मलिक एक वर्ष से ज्यादा समय से हुर्रियत नेताओं सैयद अली शाह गिलानी और मीरवाइज उमर फारुक के साथ मिलकर कश्मीर घाटी में अलगाववादी प्रतिरोध का नेतृत्व कर रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।