डेरा प्रमुख के वकील ने कोर्ट को बताया कि डेरे की तरफ से सभी को निर्देश दिया गया है कि वो पंचकूला न आएं। बाबा ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है। कोर्ट ने कहा कि वो इस मामले में हरियाणा सरकार के रवैये से नाखुश है। बता दें, गत दिवस हाई कोर्ट के वकील रविंद्र सिंह ढुल ने जनहित याचिका दायर कर कहा था कि डेरा प्रेमियों के आने के कारण पंचकूला व आसपास के लोग पिछले कई दिनों से खौफ में जी रहे हैं। जैसे-जैसे फैसले का दिन नजदीक आ रहा है डेरा समर्थकों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। धारा 144 के बावजूद लाखों लोग एकत्र हो गए हैं। इस कारण स्कूल-कॉलेजों की छुट्टी कर दी गई है और अदालत ने भी कामकाज ठप कर दिया है। पंचकूला के सेक्टर 23 स्थित नाम चर्चा घर के अलावा शहर की सड़कों और पार्कों में लाखों डेरा प्रेमी एकत्र है। इससे साफ है कि मामले में फैसला आने के बाद हालात तनावपूर्ण हो सकते हैं। याची ने कोर्ट को बताया कि सीबीआइ रिपोर्ट के अनुसार डेरा प्रेमियों ने काफी मात्रा में पेट्रोल व अन्य सामग्री एकत्रित की हैं, जिसका प्रयोग हमले के लिए किया जा सकता है। लाखों की संख्या में डेरा प्रेमियों के आने की सूचना के बाद चंडीगढ़ समेत पंचकूला में कई स्टेडियम को अस्थायी जेल बनाने के लिए अधिसूचना जारी की गई है। याची ने हाई कोर्ट से मांग की कि वह इस मामले में लोगों व जान माल की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश जारी किए जाएं। याची ने हाई कोर्ट से इस याचिका पर फिक्स टू डे के तहत सुनवाई की मांग की थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।