दिल्ली : 8 हजार किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग जब्त, 492 लोगों के खिलाफ चालान, 2.90 लाख रुपये जुर्माना वसूला
(DELHI, DELHI) राजधानी में प्रतिबंधित प्लास्टिक थैलियों (50 माइक्रोन से कम मोटाई वाले) के इस्‍तेमाल करने वालों की अब खैर नहीं है। दिल्‍ली सरकार ने ऐसे लोगों को सबक सिखाने का मन बना लिया है। इसके लिए अभियान शुरूकर दिया गया है। राजधानी में प्रतिबंधित प्लास्टिक थैलियों के खिलाफ अलग-अलग विभागों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन के अनुसार गत दो दिनों की कार्रवाई के दौरान तकरीबन आठ हजार किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक थैलियों को जब्त किया गया है। इसके अलावा 492 लोगों के खिलाफ चालान किए गए तथा 2.90 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है।

दिल्ली प्रदूषण निगरानी कमेटी के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह पांच मीट्रिक टन प्लास्टिक बैग जब्त किया था, जो निर्धारित मानक का नहीं था। बुधवार को पर्यावरण मंत्री ने विभाग के अधिकारियों के अलावा स्थानीय निकाय के अधिकारियों से कहा कि वे प्लास्टिक थैलियों के इस्तेमाल नहीं करने को लेकर आम लोगों को भी जागरुक करें।उन्होंने निर्धारित मानक से कम क्षमता वाले प्लास्टिक थैलियां बनाने उसके भंडारण तथा बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। इससे पहले शुक्रवार को पर्यावरण मंत्री इमरान हुसैन ने प्लास्टिक थैलियों के प्रतिबंध को लेकर एक समीक्षा बैठक बुलाई थी।

इसमें संबंधित विभाग के अधिकारियों ने बताया था कि 16 अगस्त को ही सभी जिला अधिकारियों तथा प्रदूषण कमेटी के सदस्यों को कार्रवाई करने के आदेश दे दिए गए हैं। मार्केट में कही भी कोई दुकानदार ग्राहकों को निर्धारित मानक से कम गुणवत्ता वाले प्लास्टिक की थैली में सामान देता है तो उससे पांच हजार रुपये तक जुर्माना वसूला जाएगा। हालांकि आदेश जारी होने के बाद कितनों के खिलाफ कार्रवाई की गई उक्त दिन यह जानकारी नहीं दी गई थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।