प्रद्युम्न हत्याकांड में नया मोड़: परीक्षा और PTM टालने के लिए 11वीं के छात्र ने की मासूम की हत्या, गिरफ्तार
(DELHI, DELHI) सनसनीखेज प्रद्युम्न हत्याकांड में बुधवार को एक नया मोड़ आ गया। सीबीआई ने इस सिलसिले में गुरुग्राम के रेयान इंटरनेशनल स्कूल के ही 11वीं कक्षा के एक छात्र को हिरासत में ले लिया। जांच एजेंसी ने यह दावा किया कि प्रद्युम्न ठाकुर की हत्या इसी छात्र ने की है। सीबीआई के मुताबिक आरोपी छात्र ने स्कूल की परीक्षा और पेरेंट्स-टीचर मीटिंग टालने के लिए प्रद्युम्न की हत्या की। आरोपी छात्र के नाबालिग होने के चलते सीबीआई ने बुधवार को उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी छात्र को 3 दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है।

एजेंसी का मानना है कि 11वीं कक्षा का छात्र पढ़ाई में कमजोर था और उसने कथित तौर पर प्रद्युम्न का गला इसलिए रेता था ताकि स्कूल में अवकाश घोषित हो जाए और पूर्व निर्धारित पीटीएम तथा परीक्षा टल जाए।
मामले में आए हैरतंगेज मोड़ में लगभग 16 वर्ष के हाइस्कूल के एक छात्र को स्कूल के भीतर अपने जूनियर की हत्या के आरोप में मंगलवार देर रात पकड़ा गया। स्कूल के दूसरी कक्षा के छात्र सात वर्षीय प्रद्युम्न की आठ सितंबर को सुबह स्कूल में ही हत्या कर दी गई थी। उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था।
सीबीआई को बस कंडक्टर अशोक कुमार के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है। निर्दयता से की गई हत्या के मामले में गुरुग्राम पुलिस उसे ही आरोपी मान रही थी।

सीबीआई के प्रवक्ता अभिषेक दयाल ने कहा कि हत्या में इस्तेमाल हुआ हथियार, एक चाकू, उस शौचालय के कमोड में मिला है जहां कथित तौर पर हत्या हुई थी। यह वही चाकू है जो गुरुग्राम पुलिस ने बरामद किया था। सीबीआई ने बताया कि आरोपी छात्र सोहना का रहने वाला है। जांच एजेंसी ने मंगलवार रात इसे सोहना के डिफेंस कॉलोनी से गिरफ्तार किया। CBI के मुताबिक पहले दिन से ही उसे शक हुआ जब इस छात्र के बयान में बहुत विरोधाभास दिखा। इसने ही प्रद्युम्न को सबसे पहले देखा था और सूचना दी थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।