लखनऊ के हॉस्टल में फांसी से लटका मिला छात्र का शव, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम...
(Lucknow, Lucknow) इंडियन इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) लखनऊ के हॉस्टल में बुधवार को छात्र सोहम मुखर्जी (24) का शव लटकता मिला। उसके घुटने बेड पर टिके हुये थे। दरवाजा अंदर से लॉक भी नहीं था। शव दो दिन पुराना लग रहा था। इस आधार पर ही कुछ छात्रों ने सोहम की हत्या की आशंका भी व्यक्त की है। पुलिस को भी मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। सोहम के लैपटॉप मोबाइल फोन और डायरी को पुलिस ने फोरेंसिक जांच के लिये भेज दिया है। कोलकाता के ज्योतिपुर कालोनी के रहने वाले सोहम ने वर्ष 2016 में आईआईएम में प्रवेश लिया था। वह यहां हास्टल नम्बर 17 के रूम नम्बर 71 में रहता था। इस समय वह सेकेण्ड ईयर का छात्र था। सोहम के साथियों ने बताया कि सोमवार को उसने साथ में ही डिनर किया था। इसके बाद से ही वह दिखाई नहीं पड़ा था। उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ जा रहा था। इस पर ही बुधवार दोपहर ढाई बजे दोस्त उसके कमरे में पहुंचे। आवाज देने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा बंद लग रहा था। इस पर उन लोगों ने पीछे के दरवाजे से झांका तो उनके होश उड़ गये। उसका शव पंखे के हुक से लटका हुआ था।
इंस्पेक्टर राघवन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने भी पीछे के दरवाजे से देखा तो शव लटका दिखा। इस पर ही सुबूत मिटने के डर से उन्होंने कमरे के अंदर किसी को जाने नहीं दिया। फोरेंसिक टीम वहां पहुंची। उसने जब रूम के मुख्य दरवाजे को खोलना चाहा तो वह हल्का झटका देते ही अंदर से खुल गया। सिटकनी अंदर से नहीं बंद थी। सोहम के घुटने बेड पर टिके हुये थे। शरीर से बदबू आ रही थी। हास्टल प्रबन्धन और आईआईएम प्रशासन के लोग वहां पहुंच चुके थे।
इस हादसे की खबर फैलते ही सोहम के साथियों के अलावा दूसरे छात्र भी वहां पहुंच गये थे। ये सब हैरान थे कि आखिर सोहम की मौत कैसे हुई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने तलाशी ली। सुसाइड नोट नहीं मिला और न ही लैपटॉप व मोबाइल से कुछ जानकारी मिली। अब फोरेंसिक टीम इसकी अपनी लैब में जांच करेगी। एसपी ट्रांसगोमती हरेन्द्र सिंह का कहना है कि अब तक की पड़ताल में यह खुदकुशी ही लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर स्थिति पूरी तरह से साफ हो सकेगी।
सोहम की मौत की सूचना उसके घर वालों को देने की हिम्मत कालेज प्रशासन नहीं जुटा पा रहा था। काफी देर बाद पुलिस ने ही सोहम के परिवारीजनों को सूचना दी। मोबाइल पर सोहम की मां पणवती बंदोपाध्याय बिलख पड़ी। जबकि उन्हें मौत की सूचना न देकर तबियत खराब बतायी गई थी। पर वह समझ गई और फिर मोबाइल पर ही देर तक बिलखती रही। एक रिश्तेदार ने ही पुलिस को बताया कि सोहम इकलौता बेटा था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।