ब्याज पर दिए पैसे को नहीं लौटाने पर घटना को दिया अंजाम
(Pindra**, Varanasi) बलिया जिला के भीमपुरा थाना क्षेत्र के जजौली नम्बर एक गांव में एक दलित महिला पर मिट्टी का तेल छिड़ककर गांव के ही कुछ लोगों ने गुरुवार की रात जला दिया। गंभीर रूप से झुलस चुकी महिला को जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर किया गया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार रात में ही मौके पर पहुंचे और छानबीन की।
इस मामले में गांव के ही दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने ब्याज पर दिए पैसे को नहीं लौटाने पर घटना को अंजाम दिया।
जजौली नम्बर एक गांव की 40 वर्षीय रेशमी पत्नी रामाशीष राम गुरुवार की रात में घर से करीब 100 मीटर दूर डेरे पर सो रही थी। यहां उसके मवेशी व घर के ही बच्चे भी सो रहे थे। मध्य रात्रि के बाद किसी समय दो लोग वहां पहुंचे। उन्होंने रेशमी के शरीर पर मिट्टी तेल छिड़कने के बाद आग लगा दिया। जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने किसी प्रकार उसे बचा लिया। रात में ही पुलिस ने रेशमी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार वह करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गयी है।
पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया है कि उसने गांव के ही दो लोगों से करीब दो साल पहले 20 हजार रुपये सूद पर लिए थे। रेशमी के अनुसार उसने ब्याज समेत पैसा लौटा भी दिया था लेकिन फिर भी वे लोग और पैसे की मांग कर रहे थे। एसपी के अनुसार मामले की छानबीन की जा रही है। गांव के ही दो लोगों सुद्धू उर्फ सत्यम सिंह व सोनू सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।