पंजाबः हेल्थ सेंटर में पांच लुटेरों ने बोला धावा, चार घंटे तक स्टाफ को बनाया बंधक
(PUNJAB, India) लुधियाना में एक प्राइमरी हेल्थ सेंटर में पांच लुटेरों ने धावा बोल दिया। आरोपियों ने स्टाफ को करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर रखा। मामला लुधियाना के डेहलों के गांव घवद्दी का है। यहां पांच लुटेरों ने हेल्थ सेंटर पर धावा बोलकर स्टाफ को करीब चार घंटे तक बंधक बनाए रखा। आरोपी लगातार उनसे नशीली दवाओं की मांग करते रहे। स्टाफ ने दवाएं न होने की बात की तो उन्होंने पूरा सेंटर ही छान मारा। आखिर वे वहां से 2400 रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
थाना डेहलों के प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने बताया कि वारदात के वक्त हेल्थ सेंटर में महिला मुलाजिम समेत चार कर्मचारी थे। एक लुटेरा अस्पताल के बाहर ही निगरानी के लिए खड़ा रहा। उन्होंने अस्पताल के अंदर और बाहर की कुछ लाइटें भी तोड़ दीं। उन्होंने कर्मचारियों के मोबाइल छीन लिए और सिम निकालकर फेंक दिए।
अस्पताल के कर्मचारियों के मुताबिक गांव घवद्दी में चौबीस घंटे डिलीवरी सुविधा सेंटर है जो चौबीस घंटे खुला रहता है। रात को सिर्फ डिलीवरी के केस ही आते हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में नशों के इलाज के लिए ओट सेंटर खोले गए हैं। लुटेरों को लगा होगा कि इस सेंटर में भी ओट क्लीनिक है, जहां नशों के इलाज की दवाएं होती हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।