दुस्साहस: दिल्ली में बेटी की कब्र पर ही कर दी पिता की हत्या, मारी छह गोलियां
(India) उत्तर पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में शुक्रवार दोपहर माता चौक के पास स्थित कब्रिस्तान में बेटी की कब्र पर प्रार्थना करने गए प्रॉपर्टी डीलर को अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भून दिया। गंभीर रूप से घायल 33 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर महफूज खान की मौके पर ही मौत हो गई। उन्हें करीब छह गोलियां मारी गई हैं। पुलिस हत्या के पीछे आपसी रंजिश और रुपयों के लेनदेन का विवाद मानकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी यह पता नहीं चल सका है कि हमलावरों की संख्या कितनी थी। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ पीड़ित परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। वहीं, हत्या को लेकर इलाके के लोगों में गुस्सा है। अधिकारियों ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है।

पुलिस के अनुसार, महफूज खान परिवार के साथ वेलकम इलाके में माता चौक के पास रहते थे। उनका प्रॉपर्टी डीलिंग और बेकरी का व्यवसाय है। उनके भाई सलमान खान ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 1:15 बजे महफूज नमाज पढ़ने के बाद घर के पास ही कब्रिस्तान में अपनी बेटी की कब्र पर गए थे। इस दौरान वहां पहुंचे अज्ञात हमलावर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर फरार हो गए। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और महफूज को पास के अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महफूज के पेट, सीने और सिर में दो गोलियां लगी हैं, जबकि एक गोली उनके हाथ को छूकर निकल गई।
हर शुक्रवार को बेटी की कब्र पर जाते थे
परिजनों के अनुसार, महफूज खान की तीन वर्षीय बेटी अलीना की दो साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। घर के पास कब्रिस्तान में अलीना की कब्र है, जहां महफूज हर शुक्रवार को नमाज पढ़ने के बाद जाते थे।

मौत से परिवार में मातम पसरा
महफूज खान की मौत से उनके परिवार में मातम पसर गया है। उनके परिवार में पत्नी रोशन, छह वर्षीय बेटी रमशा और एक वर्षीय बेटा अली हैं। महफूज की हत्या से परिवार के लिए दिक्कतें बढ़ गई हैं। अब रोशन के लिए बच्चों का पालन पोषण करना भी मुश्किल होगा।

हत्या से इलाके में तनाव
कब्रिस्तान में हत्या के बाद आसपास के लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। घटना को लेकर लोगों में गुस्सा था। सूचना पर आला अधिकारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कब्रिस्तान के मुख्य गेट को बंद करा दिया। इसके बाद भीड़ को वहां से हटाया गया। हालांकि, इलाके में तनाव को देखते हुए कब्रिस्तान के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रॉपर्टी डीलर का भी आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, मृतक का भी आपराधिक इतिहास रहा है, ऐसे में पुलिस पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका जाहिर कर रही है। इसके अलावा पुलिस रुपयों के लेनदेन को लेकर हत्या करने के कोण से भी जांच कर रही है।

उत्तर पूर्वी दिल्ली डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने कहा, अभी हत्या की वजह पता नहीं चल सकी है। मृतक का भी आपराधिक रहा है। उसे लेकर भी जांच की जा रही है। मामले के खुलासे के लिए कई टीमों को लगाया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।