पुलवामा हमले पर बोले डोनाल्ड ट्रंप, कुछ बड़ा कदम उठाने की सोच रहा है भारत
(Pampore, Pulwama) जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ की बस पर हुए आतंकी हमले को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बड़ा बयान आया है। ट्रंप ने कहा है कि भारत कुछ बड़ा करने की सोच रहा है। एएनआई के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच बहुत खतरनाक स्थिति चल रही है। हम इसे रोकना चाहेंगे। पुलवामा आतंकी हमले को लेकर ट्रंप ने कहा कि भारत ने तकरीबन 50 लोगों को खोया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि कई लोग इसके बारे में बातचीत कर रहे हैं। जो कश्मीर में हुआ, उसकी वजह से वर्तमान समय में भारत और पाकिस्तान के बीच में काफी तनाव की स्थिति है। यह काफी खतरनाक है।

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'हमने पाकिस्तान को 1.3 बिलियन की मदद देने पर रोक लगाई है। हम पाक के साथ कुछ बैठकें कर सकते हैं। अमेरिका का पाकिस्तान कड़ा फायदा उठा रहा था। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने पुलवामा आतंकी हमले को भयावह बताया था। ट्रंप ने कहा कि वह इस पर रिपोर्ट प्राप्त कर रहे हैं और बयान जारी करेंगे। इससे अलग, विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता रॉबर्ट पैलाडिनो ने भारत के प्रति पुरजोर समर्थन दिखाते हुए पाकिस्तान को 14 फरवरी को हुए हमले के जिम्मेदारों को सजा देने के लिये कहा था।

जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में 14 फरवरी को जैश-ए-मोहम्मद के एक भीषण फिदायिन हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे और कई अन्य घायल हुए थे। जैश के आतंकवादी ने विस्फोटकों से लदे वाहन से सीआरपीएफ जवानों को ले जा रही बस को टक्कर मार दी थी। बता दें कि केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 2500 से अधिक कर्मी 78 वाहनों के काफिले में जा रहे थे। इनमें से अधिकतर अपनी छुट्टियां बिताने के बाद अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे। जम्मू कश्मीर राजमार्ग पर अवंतिपोरा इलाके में लाटूमोड पर इस काफिले पर अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे घात लगाकर हमला किया गया।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।