जयपुर-वांटेड बदमाश गिरफ्तार,तीन माह पहले उपद्रव में शामिल
(Jaipur, Jaipur) जयपुर. शहर की चारदीवारी में 12 अगस्त की रात को गलतागेट इलाके में हुए उपद्रव में वांटेड बदमाश को पुलिस ने गुरूवार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके है। यह कार्रवाई एडिशनल डीसीपी सुमित गुप्ता के निर्देशन में थानाप्रभारी धर्मवीर सिंह, एएसआई भैरूंलाल व कांस्टेबल बुद्धराम व कानाराम की टीम ने की। थानाप्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दानिश हुसैन (25) है। वह रामगढ़ रोड पर ब्रह्मपुरी इलाके में हजरत अली नगर में रहता है। आरोपी दानिश हुसैन को स्पेशल टीम के कांस्टेबल बुद्धाराम की सूचना पर पुलिस टीम ने पकड़ा। थानाप्रभारी ने बताया कि गत 12 अगस्त को ईदगाह व आसपास के इलाके में दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। इसके बाद हुए उपद्रव के दौरान आगजनी, तोड़फोड़ व पथराव किया गया। हथियारों से हमला किया गया। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इनमें दानिश हुसैन खुलेआम सड़क पर तलवार लहराते हुए सड़कों पर घूमता हुआ नजर आया। उसके पत्थरबाजी में भी शामिल होने की जानकारी थी। ऐसे में गलतागेट थाने में दर्ज हुए गंभीर आपराधिक मुकदमों में नामजद आरोपी दानिश हुसैन की तलाश थी। दानिश के खिलाफ तीन मुकदमे गलतागेट और दो मुकदमे ब्रह्मपुरी थाने में पहले से दर्ज है। इनमें कोर्ट में चालान पेश हो चुका है।वहीं, 12 अगस्त को उपद्रव को लेकर दानिश हुसैन को गलतागेट थाने में आईपीसी की 147, 148,149, 153ए, 323, 353, 307, 308, 283, 435, 427, 394 व 3 पीडीपी एक्ट, धारा 8 राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम में गिरफ्तार किया गया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।