यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने शुक्रवार को अपने निवास पर राजस्थान हाउसिंग बाेर्ड का वित्तीय वर्ष 2021-22 का लेखा-जोखा जारी किया। धारीवाल ने बताया कि हमने जब सत्ता संभाली तो हाउसिंग बाेर्ड आर्थिक रूप से बदहाल था और वित्तीय वर्ष 2018-19 में टर्नओवर मात्र 118.58 करोड़ रुपए था। हमने मंडल को रिवाइव करने के लिए जो प्रयास किए उनका ही परिणाम है कि साल दर साल न केवल टर्नओवर बढ़ा बल्कि इसके राजस्व में भी रिकॉर्ड वृद्धि हुई। वित्तीय वर्ष 2019-20 में 841.57 करोड़, 2020-21 में 2163.65 करोड़ और 2021-22 में 3012.45 करोड़ रुपए टर्नओवर रहा है।यानि इन सालाें में मंडल का टर्नओवर 6 हजार करोड़ रुपए के पार चला गया है। यूडीएच मंत्री ने इसका क्रेडिट हाउसिंग बाेर्ड कमिश्नर काे दिया। हाउसिंग बाेर्ड कमिश्नर पवन अरोड़ा ने बताया कि 6 हजार करोड़ में से 4536 करोड़ रुपए की राजस्व प्राप्ति हो गई है और 1600 करोड़ आगामी समय में किश्तों के रूप में प्राप्त होगा। इसमें आवासीय सम्पत्तियों के विक्रय से मिलने वाले 620 करोड़ और प्रीमियम सम्पत्तियों के ई-ऑक्शन से मिलने वाले 980 करोड़ रुपए शामिल हैं। इस अवसर पर सचिव संचिता विश्नोई, वित्तीय सलाहकार संजय शर्मा, मुख्य अभियन्ता केसी मीणा, अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता संजय पुनियां और अतिरिक्त मुख्य नगर नियोजक अनिल माथुर माैजूद रहे।हाउसिंग बाेर्ड में लगभग 1700 करोड़ रुपए के नए निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं। 319 करोड़ की लागत से प्रताप नगर कोचिंग हब, मानसरोवर में 70 करोड़ की लागत से सिटी पार्क और इसके सामने 14 करोड़ की लागत से फाउंटेन स्क्वायर बनाया जा रहा है। 16 करोड़ की लागत से चाैपाटियाें का निर्माण हुआ।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।