मूसलाधार बारिश से राजस्थान के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात
(India) मूसलाधार बारिश से राजस्थान के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक में हालात का जायजा लिया। राजस्थान के टोंक में पीपलू से बागड़ी रोड पर मासी नदी उफान पर है। पीपलू के 29 गांवों के लिए मासी नदी जीवन रेखा मानी जाती है। लगातार हो रही बारिश की वजह से दो पिकअप गाड़ियां उलट गईं। एक पिकअप गाड़ी को जेसीबी क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। राजस्थान के झालावाड़ जिले में गुरुवार शाम करीब चार बजे एक पुल पर मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला समेत तीन लोग उफनती कालीसिंध नदी में बह गए। मौसम विभाग, जयपुर के मुताबिक, जयपुर, करौली, सवाई माधोपुर, अलवर, चूरू, भरतपुर, टोंक, सीकर, हनुमानगढ़, धौलपुर, नागौर और झुंझुनू में गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटे में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने कहा कि इस दौरान जयपुर में सबसे ज्यादा 173 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक, गंगानगर में 48 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दूसरी जगहों पर इससे कम बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में जयपुर, कोटा, भरतपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर और उदयपुर में कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।