(TAMILNADU, TAMILNADU)
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को तमिलनाडु में कई जगहों पर छापेमारी की। ये छापे तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) में कथित अनियमितताओं, मंत्री सेंथिल बालाजी और अन्य की मनी लॉन्ड्रिंग में कथित भूमिका की ताजा जांच के हिस्से के रूप में मारे गए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। चेन्नई, तंजावुर, पुदुक्कोट्टई और कुछ अन्य शहरों सहित राज्य में लगभग 25 स्थानों पर छापे मारे गए। सूत्रों ने कहा कि टीएएसएमएसी के कार्यालयों, उसके कर्मचारियों, शराब निर्माण इकाई और संयंत्र के कॉर्पोरेट कार्यालयों के साथ-साथ बालाजी से जुड़े "प्रमुख सहयोगियों" के परिसरों की तलाशी ली जा रही है। उन्होंने कहा कि मंत्री के किसी परिसर की तलाशी नहीं ली जा रही है। बिजली मंत्री बालाजी के पास टीएएसएमएसी का प्रभार भी है। तमिलनाडु में शराब के कारोबार पर टीएएसएमएसी का एकाधिकार है। उन्होंने कहा कि एजेंसी शराब की बिक्री के लेन-देन और टीएएसएमएसी से जुड़े कुछ कथित बिचौलियों की भूमिका की जांच कर रही है। ईडी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) नेता बालाजी की भूमिका की जांच कर रहा है, जो राज्य परिवहन विभाग में "नौकरी के लिए नकदी घोटाले" जैसे पहले के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शामिल थे। इस मामले में संघीय एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार किया था और फिलहाल वे जमानत पर बाहर हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।