(Saharanpur, Saharanpur)
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद आग लगने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज करीब दो किलोमीटर तक सुनाई दी और कंपन के कारण ग्रामीणों को ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो। सहारनपुर के जिलाधिकारी (डीएम) मनीष बंसल ने बताया कि शनिवार को देवबंद थाना क्षेत्र के जड़ौदा जट्टा गांव में एक लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लग गई। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में काम कर रहे कुछ मजदूर आग में झुलस गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई। डीएम ने बताया कि सूचना मिलते ही देवबंद थाने की फोरेंसिक टीम और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि पटाखा फैक्ट्री चला रहे तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस पटाखा फैक्ट्री के पास लाइसेंस था। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में किस तरह का पटाखा बनाया जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। सूत्रों ने भारी नुकसान की आशंका जताई है, क्योंकि हादसे के वक्त फैक्ट्री में कई लोग काम कर रहे थे और धमाके की वजह से इमारत ढह गई। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही की वजह से इस इलाके में कई अवैध पटाखा फैक्ट्रियां चल रही हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।