यूपी में कड़ाके की ठंड का कहर, तीन दिन तक राहत नहीं
(India) उत्तर प्रदेश में भीषण सर्दी और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक ठंड और गलन से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद चल रही सर्द पछुआ हवाओं ने हालात और कठिन बना दिए हैं। सोमवार के लिए प्रदेश के 37 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर समेत 12 जिलों में शीत दिवस की चेतावनी दी गई है। कई शहरों में दृश्यता शून्य या बेहद कम दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक मेरठ और इटावा में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश की सबसे ठंडी रातों में शामिल रहा। राजधानी लखनऊ में भी घना कोहरा और तेज सर्द हवाएं लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही हैं। बीते कुछ दिनों में दिन के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सामान्य जनजीवन, यातायात और स्वास्थ्य पर असर पड़ा है।
भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर अलाव, कंबल और रैन बसेरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही जरूरतमंदों को समय पर राहत पहुंचाने और खुले में किसी को न सोने देने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्कूल दो जनवरी से संशोधित समय के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।