उपराष्ट्रपति करेंगे दसवें दीपोत्सव-2026 का शुभारंभ
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) रामनगरी अयोध्या दसवें दीपोत्सव-2026 के भव्य आयोजन के लिए तैयार है। पूज्य संत-धर्माचार्यों की उपस्थिति में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। आयोजन के दौरान सरयू नदी के 56 घाट असंख्य दीपों से जगमग होंगे और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जाएगा।

13 राज्यों की सहभागिता से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

दीपोत्सव में प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन को प्रतीकात्मक रूप में दर्शाती भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें देश के 13 राज्यों की सहभागिता रहेगी। रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियां भी आकर्षण का केंद्र बनेंगी। वहीं, धर्मपथ सहित प्रमुख मार्गों को थीमैटिक इंटेलिजेंट लाइटिंग और एलईडी पैनलों से सजाया जाएगा।

3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो बढ़ाएंगे आकर्षण

राम की पैड़ी पर सजीव सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और भव्य लेजर शो आयोजित होगा। इसके अलावा रामायण के प्रसंगों पर आधारित ड्रोन शो भी दर्शकों को आकर्षित करेगा। नया घाट पर म्यूजिकल आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा, जो दीपोत्सव की भव्यता को और बढ़ाएगा।

करीब 2,000 कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

दीपोत्सव में देश-विदेश के रामलीला दल प्रभु श्रीराम की लीलाओं का मंचन करेंगे। इसके साथ ही देश और प्रदेश के करीब 2,000 कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से रामनगरी में भक्तिमय वातावरण तैयार होगा।

कई जनप्रतिनिधि और मंत्री रहेंगे मौजूद

दीपोत्सव के शुभारंभ अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह, राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरि ओम पांडेय और विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, डॉ. अमित सिंह चौहान तथा अभय सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।