सरबजीत की हत्या संबंधी मामले की सुनवाई शुरू
(International)
पाकिस्तान में लाहौर की उच्च सुरक्षा जेल में बुधवार को भारतीय नागरिक सरबजीत सिंह की हत्या संबंधी मामले की सुनवाई शुरू हुई। अदालत ने सरबजीत के कथित हत्यारों के खिलाफ पहली सुनवाई की। मौत की सजा पाए दो कैदियों ने पिछले वर्ष अप्रैल में कोट लखपत जेल में 49 वर्षीय सरबजीत पर जानलेवा हमला किया था। हमले में बुरी तरह घायल सरबजीत की दो मई को मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने इस हमले को लेकर आमेर आफताब और मुदस्सर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रिपोर्टो के मुताबिक इन दोनों ने जांचकर्ताओं को बताया है कि उन्होंने सरबजीत पर हमला इसलिए किया क्योंकि उसने कथित रूप से लाहौर में बम विस्फोट किया था। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सैयद अंजुम रजा ने मामले की सुनवाई की। बाद में जज ने अगली सुनवाई 16 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दी। इस मामले में जेल प्रशासन एक शिकायतकर्ता है। इससे पहले एक सदस्यीय न्यायिक आयोग घटना की जांच कर चुका है। आयोग 50 से अधिक लोगों के बयान दर्ज कर चुका है। इनमें भारतीय कैदी और जेलकर्मी शामिल हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।