ईरान के विदेश मंत्री ने दुनिया के ताकतवर देशों के साथ हुए परमाणु समझौते को क्रियान्वित करने के लिए हो रही वार्ता के प्रति आशावादी रवैया दिखाया है। इस बीच उपविदेश मंत्री अब्बास अराची ने कहा कि परमाणु ऊर्जा संयंत्र के निर्माण में जापान से मदद मांगी गई है। साथ ही भरोसा जताया कि ईरान और जापान बिजली उत्पादन क्षेत्र में मिलकर काम कर सकते हैं। अपने फेसबुक एकाउंट पर गुरुवार को विदेश मंत्री मुहम्मद जावेद जरीफ ने कहा कि परमाणु वार्ता पूरी गंभीरता और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ शुरू कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि पिछले दिसंबर में दुनिया के छह ताकतवर देशों के साथ हुई तकनीकी वार्ता के सकारात्मक नतीजे आए हैं। जेनेवा में गुरुवार से दो दिवसीय वार्ता जरीफ के सहयोगी उपविदेश मंत्री अब्बास अराची और यूरोपीय संघ की वार्ताकार हेल्गा श्मिड के बीच शुरू हुई। वार्ता में श्मिड ताकतवर देशों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वह यूरोपीय संघ की विदेश नीति की प्रमुख कैथरीन एस्टन की सहायक हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।