बनेंगे 50 से अधिक हवाई अड्डे
(India)
सरकार निजी क्षेत्र के साथ मिलकर देश में 50 से अधिक हवाई अड्डे विकसित करना चाहती है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि ये सभी एयरपोर्ट देश के दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में बनाए जाएंगे। निजी क्षेत्र की कंपनी जीवीके पावर एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा बनाए गए मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 का उद्घाटन करते हुए पीएम ने कहा कि यह टर्मिनल इस बात का सुबूत है कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम बेहतर ढंग से किया जा सकता है। टर्मिनल-2 को अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुरूप बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके निर्माण के बाद मुंबई का विमानतल दुनिया में तीसरा सबसे शानदार विमानतल होगा। उन्होंने कहा कि देश के वैमानिकी उद्योग में विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। उनके मुताबिक सरकार ने नवी मुंबई में दूसरे हवाई अड्डे की निर्माण बाधाएं दूर कर ली हैं। अब महाराष्ट्र सरकार जल्द ही केंद्र के साथ मिलकर इसका निर्माण शुरू करेगी। नवी मुंबई में हवाई अड्डे का निर्माण कार्य भूमि अधिग्रहण की समस्याओं के कारण नहीं हो पा रहा है, जबकि मुंबई शहर के बीचों-बीच स्थित छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के स्वामित्व वाली भूमि के छठवें हिस्से पर 6500 झोपड़पंिट्टयां हैं। वर्ष 2006 से मुंबई एयरपोर्ट का प्रबंधन देख रही जीवीके के प्रबंध निदेशक जीवी संजय रेड्डी के अनुसार इन झोपड़ियों का पुनर्वास कर काम आगे बढ़ाना बड़ी चुनौती है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।