सेंसेक्स में गिरावट सिलसिला थमा, 222 अंक चढ़कर 25228.65 पर बंद
(India) इससे बंबई शेयर बाजार में पांच दिन से जारी गिरावट का सिलसिला आज थम गया तथा सेंसेक्स 222 अंक चढ़ गया। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 221.67 अंक या 0.89% चढ़कर 25,228.65 अंक पर पहुंच गया। इससे पिछले पांच सत्रों में सेंसेक्स 1,100 अंक गिरा था। स्मॉल कैप व मिड कैप में भी खुदरा निवेशकों की अच्छी मांग से 2% तक की बढ़त दर्ज हुई। नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 72.50 अंक या 0.97% चढ़कर फिर 7,500 अंक के पार यानी 7,526.65 अंक पर पहुंच गया। ब्रोकरों ने कहा कि महंगाई में कमी से यह उम्मीद बंधी है कि रिजर्व बैंक अगले महीने मौद्रिक समीक्षा में ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। जून माह की खुदरा मुद्रास्फीति 7.31% पर आ गई है जो जनवरी, 2012 के बाद इसका सबसे निचला स्तर है। थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति भी 4 माह के निचले स्तर 5.43% पर आ गई है। बोनान्जा पोर्टफोलियो की वरिष्ठ शोध विश्लेषक निधि सारस्वत ने कहा, मोलभाव वाली लिवाली से ज्यादातर क्षेत्र अपने निचले स्तर से उबर गए क्योंकि इन्हें आगामी महीनों में नीतिगत ब्याज दरों में कमी आने की उम्मीद है। औद्योगिक उत्पादन के बेहतर आंकड़ों व महंगाई घटने से बाजार धारणा को बल मिला। ब्याज दर आधारित बैंकिंग, वाहन व रीयल्टी कंपनियों के शेयरों में लिवाली देखने को मिली। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 19 लाभ के साथ बंद हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में एसबीआई का शेयर सबसे ज्यादा 4.47% चढ़ा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।