पाक ने हवाई हमले में 35 उग्रवादियों को मार गिराया
(International) अशांत उत्तरी वजीरिस्तान क्षेत्र में सेना ने तालिबान के विरूद्ध अभियान चला रखा है। सेना ने यहां संक्षिप्त बयान में कहा, आज सुबह शैवाल घाटी में हवाई हमले में फरार होने की कोशिश कर रहे 35 आतंकवादियों को मार गिराया गया। पाकिस्तान ने पिछले महीने उत्तरी वजीरिस्तान से उग्रवादियों के आधार शिविर को हटाने के लिए ‘जर्ब-ए-अज्ब’ अभियान शुरू किया था। उत्तरी वजीरिस्तान जिला सात अर्ध स्वायत्त कबायली जिलों में से एक है।
यह हमला कल की घातक झड़प के बाद किया गया। जिले के मिराली इलाके में कल हुई झड़प में पांच सैनिकों और 11 उग्रवादियों की मृत्यु हो गई थी। अब तक 480 विद्रोहियों को मार गिराया गया है। अधिकारियों ने आज बताया कि इस बीच, उग्रवादियों को वहां से हटाए जाने के लिए सेना द्वारा अभियान चलाए जाने की योजना की खबर के बाद अफगानिस्तान की सीमा से सटे बाजौर कबायली इलाके के पांच गांवों से हजारों लोग इलाका छोड़कर जाने लगे हैं। जिला प्रशासन के शीर्ष अधिकारी ने बताया कि मामोंद सब डिविजन के कबायली जिले के सुदूर गांवों से उग्रवादियों को हटने के लिए सरकार ने उन्हें मंगलवार तक का समय दिया था। उन्होंने बताया कि अब तक 20,000 लोग वहां से जा चुके हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।