गाजा में इजरायल ने जमीनी अभियान शुरू किया, एक सैनिक मारा गया
(International) पश्चिम एशिया संकट के बढ़ने का स्पष्ट संकेत देते हुए इजरायली सैनिकों ने बीती रात जमीन अभियान शुरू किया। इस्राइली सेना ने कहा कि उसका मकसद ‘हमास के आतंकी ढांचे को नुकसान पहुंचाना है।’ हवाई और समुद्री हमलों के जरिए हमास के रॉकेट हमलों को रोकने में नाकाम रहने के बाद इजरायल ने जमीनी कार्रवाई शुरू की है। हमास ने चेतावनी दी है कि इजरायल को जमीनी घुसपैठ की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। गाजा पर हमास का जून, 2007 से शासन है। इजरायली सेना ने एक बयान में कहा कि 10 दिनों के हमास के हमले तथा तनाव को कम करने के प्रस्तावों को बार बार ठुकराए जाने के बाद आईडीएफ ने गाजा पट्टी में जमीनी अभियान शुरू किया है। इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) ने कहा कि उसका मकसद ‘ऐसी स्थिति बनाना है जिसमें इजरायल के निवासी बिना आतंक के और सुरक्षा के साथ रह सकें। इजरायली सेना के प्रवक्ता जनरल मोती आलमोज ने गाजा के निवासियों से अपील की है कि जिन इलाकों में सेना अपना अभियान चला रही है वहां से वे चले जाएं। उन्होंने कहा कि जब तक जरूरत होगी तब तक यह अभियान चलेगा। बीती रात भीषण गोलीबारी के बाद एक इस्राइली सैनिक मारा गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।